पलामू रोजगार मेले में 138 युवाओं को ऑफर लेटर, 201 अभ्यर्थी रोजगार के लिए शॉर्टलिस्ट
दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 में 138 युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 201 अभ्यर्थी रोजगार हेतु शॉर्टलिस्ट
झारखंड सरकार द्वारा राज्य के युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय, पलामू द्वारा आज दिनांक 22.08.2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्मृति भवन (टाउन हॉल), मेदिनीनगर में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 23 नियोजकों द्वारा विभिन्न ट्रेड एवं पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 1,234 रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं। इनमें सर्विस एडवाइजर, सेंटर मैनेजर, मोबिलाइजर, सेल्स मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, शिक्षक, सेल्स कंसल्टेंट, रिलेशनशिप ऑफिसर, सेल्समैन, डिलीवरी बॉय, ट्रेनर, टेक्नीशियन, हेल्पर सहित विभिन्न पद शामिल हैं। इन पदों के लिए पलामू, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग, रांची सहित गुजरात, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरु, महाराष्ट्र एवं अन्य स्थानों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
रोजगार मेले में शामिल अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल एवं उपलब्ध पदों के अनुरूप चयन प्रक्रिया के बाद 201 युवाओं को रोजगार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, 138 युवाओं को विभिन्न ट्रेड एवं विभिन्न नियोक्ताओं द्वारा मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। इससे युवाओं में उत्साह का माहौल रहा और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
उपायुक्त ने युवाओं से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का किया आह्वान
इस अवसर पर उपायुक्त, पलामू श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारा प्रयास केवल रोजगार प्राप्ति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनाना भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिले के युवा जिस भी क्षेत्र में अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ना चाहते हैं, जिला प्रशासन उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। युवा अपनी प्रतिभा, कौशल और मेहनत के बल पर न केवल स्वयं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करें, बल्कि भविष्य में दूसरों के लिए भी रोजगार सृजन का माध्यम बनें।
उपायुक्त ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं, अपने कौशल को विकसित करें और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करें। जिला प्रशासन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर पलामू के निर्माण के लिए उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों को जिले के अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला नियोजनालय द्वारा भविष्य में भी रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया तथा विभिन्न नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों एवं अवसरों की जानकारी भी प्राप्त हुई।

