छात्रों से झड़प पर बाबूलाल मरांडी का हमला, बोले- सरकार कर रही छात्रों के साथ गुंडागर्दी
गिरिडीह समेत राज्य के कई जिलों में छात्रों द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प पर प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को कड़ी प्रतिक्रिया दी। परिसदन भवन में पत्रकारों से बोलते हुए मरांडी ने घटना को लोकतंत्र की ह,त्या करार दिया और सरकार पर छात्रों व नौजवानों के साथ गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया।
मरांडी ने कहा कि कल की घटना पूरी तरह सुनियोजित थी और उसके प्रमाण मौजूद हैं। उनके मुताबिक़ हजारीबाग, रांची और गिरिडीह में छात्रों को डंडे लेकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जो शर्मनाक है। उन्होंने यह भी कहा कि घटनाओं का वीडियो स्पष्ट है और हिंसा में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
मरांडी ने दावा किया कि गिरिडीह के जेएमएम के कार्यकर्ता इमरान अजीज खान ने ट्यूटर हैंडल से संदेश भेजकर कार्यकर्ताओं को शुक्रवार शाम चार बजे तक पार्टी कार्यालय पर जुटने कहा था, जिसे जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार यदि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास करेगी तो आंदोलन और उग्र होगा और इसका नतीजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
मरांडी ने सरकार से अपील की कि वह दमन की नीति छोड़कर छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुने और शांति कायम करने के लिए संवाद का रास्ता अपनाए। मौके पर महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय व कई नेता भी मौजूद थे।

