पलामू के उंटारी रोड में हत्या, डायन-बिसाही के संदेह में विवाद; पांच आरोपी गिरफ्तार
पलामू। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला में दो पक्षों के बीच मारपीट में 48 वर्षीय चनका रजवार की मौत हो गई, जबकि परिवार के कुछ अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत डायन-बिसाही के संदेह को लेकर हुई थी। आरोप है कि एक बच्ची की मौत के बाद उसके पिता प्रभु रजवार ने पड़ोस की दो महिलाओं को इसके लिए जिम्मेदार मानते हुए विवाद शुरू किया, जो बाद में मारपीट में बदल गया। हमले में चनका रजवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
मामले में नंदु रजवार के बयान पर उंटारी रोड थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभु रजवार, झुबली देवी, गुडड्न रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घटना में इस्तेमाल की गई खून लगी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

