प्रभात मेहता अपहरण-हत्या कांड में दूसरी गिरफ्तारी, हरियाणा से पकड़ा गया आरोपी
पलामू। पाटन थाना क्षेत्र के चर्चित प्रभात कुमार मेहता अपहरण एवं हत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी धर्मेन्द्र कुमार को हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को सहदेवा निवासी प्रभात कुमार मेहता के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अगले दिन 26 जुलाई को उनका शव पाण्डेयपुरा करोरिया स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान से बरामद हुआ था, जिसके बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। मामले के नामजद आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम को पुलिस पहले ही बेंगलुरु से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक अनुसंधान के दौरान 23 वर्षीय धर्मेन्द्र कुमार की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे 4 अगस्त को हरियाणा के यमुनानगर जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए इसके पीछे आपसी दुश्मनी और पुरानी रंजिश बताई है। आरोपी को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

