पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ, एसपी कपिल चौधरी बने संघ के संरक्षक

पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, एसपी कपिल चौधरी ने फायर कर प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

डाल्टनगंज, पलामू। गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल, रांची रोड, डाल्टनगंज में आयोजित पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री कपिल चौधरी ने शूटिंग रेंज पर लक्ष्य पर फायर कर किया। उनके उद्घाटन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं उपस्थित अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से पलामू के एसपी श्री कपिल चौधरी को पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ का संरक्षक मनोनीत किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि एसपी श्री कपिल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राइफल शूटिंग एक ऐसा खेल है जो युवाओं में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और निरंतर अभ्यास का अवसर मिले तो वे निश्चित रूप से राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पलामू का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी लगन और ईमानदारी से अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन खेलों और खिलाड़ियों के विकास में हरसंभव सहयोग करेगा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि खेल समाज को एक नई दिशा देता है और पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ युवाओं को बेहतर मंच प्रदान कर सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि संघ का उद्देश्य जिले के युवाओं को राइफल शूटिंग से जोड़कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

संघ के संरक्षक एवं पूर्व सैनिक ब्रजेश शुक्ला ने कहा कि शूटिंग खेल अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेहनत और समर्पण से ही खिलाड़ी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।

संघ के सचिव सुमित बर्मन ने बताया कि यह प्रतियोगिता झारखंड राइफल एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी 29 से 31 जुलाई तक आसनसोल में आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में पलामू के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पलामू का नाम गौरवान्वित करेंगे।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ के सदस्य करुणा करण, मृत्युंजय कुमार, मोहित कुमार, पंकज कुमार एवं दीपक तिवारी, आशुतोष तिवारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।