पंकज उरांव हत्याकांड का खुलासा, हत्या की साजिश में शामिल 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देशानुसार लेस्लीगंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज उराँव हत्याकांड का उद्भेदन, हत्या की साजिश में शामिल 07 अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी (भा०पु०से०) के निर्देशानुसार लेस्लीगंज थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पंकज उराँव हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर घटना में शामिल 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक-23.09.2026 को प्रातः करीब 06:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम एकता जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए सशस्त्र बल के साथ पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची, जहाँ एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव की पहचान एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु इसकी सूचना पलामू जिला के सभी थानों को दी गई।

  • इसी क्रम में जानकारी प्राप्त हुई कि ग्राम बंजारी, थाना पाटन निवासी बिरजू उराँव, पिता-अकल उराँव द्वारा दिनांक- 19.09.2026 को पंकज उराँव के गुमशुदगी के संबंध में आवेदन दिया गया था। सूचना के आधार पर बिरजू उराँव को शव की पहचान हेतु एकता जंगल लाया गया, जहाँ उन्होंने शव की पहचान अपने पुत्र पंकज उराँव के रूप में की।
  • मृतक के पिता द्वारा मृतक की पत्नी अनिमा कुमारी एवं उसके मायके पक्ष के लोगों पर पंकज उराँव की हत्या कर शव को जंगल में फेंकने का आरोप लगाया गया। इस संबंध में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या-137/2026, दिनांक-23.09.2026, धारा-103(1)/238(a) बी०एन०एस० के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

अनुसंधान के क्रम में हत्या की साजिश का खुलासा

कांड के अनुसंधान के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि अनिमा कुमारी द्वारा अपने पिता के साथ मिलकर अपने पति पंकज उराँव की हत्या कराने के लिए खामडीह निवासी तेतरी देवी एवं पिन्टू कुमार को कथित रूप से 10 लाख रुपये दिए गए थे। अनुसंधान के दौरान तेतरी देवी के बैंक खाते में लगभग 08 लाख रुपये की राशि होने की जानकारी भी सामने आई।

जाँच में यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्तों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से रिंकी देवी के माध्यम से पंकज उराँव से फोन पर बातचीत कराई गई तथा उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया गया। इसके बाद अभियुक्तों द्वारा पंकज उराँव की हत्या कर उसके शव को एकता जंगल में फेंक दिया गया।

  • मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा हत्या की साजिश एवं घटना में संलिप्त कुल 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

  1. अनिमा कुमारी पति-मृतक पंकज उराँव।
  2. पिंटू कुमार, पिता-स्व०-सरयु पासवान।
  3. तेत्तरी देवी, पति-पिंटू कुमार दोनों ग्राम-खामडीह थाना-सतबरवा।
  4. जितेन्द्र उराँव, पिता-स्व०-बुधन उराँव ग्राम-किसैनी थाना-पाटन जिला-पलामू।
  5. रिंकी देवी, पति-फुलेश्वर भुईयाँ ग्राम-नावागढ़, थाना पांकी।
  6. रामजनम उरॉव, पिता- स्व० रामवृक्ष उराँव ग्राम-चियाँकी थाना-सदर।
  7. दिलेश्वर सिंह, पिता-स्व०-रामदास सिंह ग्राम-एकता थाना-लेस्लीगंज सभी जिला-पलामू। सभी अभियुक्त जिला-पलामू के निवासी हैं।

बरामदगी:

  • मृतक पंकज उराँव का POCO कंपनी का मोबाइल, IMEI No. 86253105805054।
  • पिन्टू कुमार के पास से VIVO कंपनी का मोबाइल एवं ₹4,800/- नकद।
  • जितेन्द्र उराँव के पास से POCO कंपनी का मोबाइल, ₹8,050/- नकद एवं SUZUKI कंपनी की XL6 कार, रजिस्ट्रेशन संख्या JH01EA0391।
  • रामजनम उराँव के पास से ACE कंपनी का पैड मोबाइल, SBI बैंक का पासबुक, खाता संख्या 31024055408 एवं चेकबुक।
  • तेतरी देवी के पास से POCO कंपनी का मोबाइल एवं SBI बैंक का पासबुक, खाता संख्या 35503880805।

छापामारी दल

  1. अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी)।
  2. थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, लेस्लीगंज थाना।
  3. स०अ०नि० बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज थाना।
  4. लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड।
  5. तकनीकी शाखा, पलामू।