पांकी में विधायक का कड़ा एक्शन, ओवरलोडेड हाईवा पकड़कर पुलिस को सौंपा

पांकी में ओवरलोडिंग पर विधायक का कड़ा एक्शन: रांची से लौटते समय पकड़ा ओवरलोडेड हाईवा, पुलिस को सौंपा

​पांकी
पांकी-बालूमाथ मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुशवाहा डॉक्टर शशि भूषण मेहता ने सड़क पर दौड़ रहे एक ओवरलोडेड हाईवा को खुद रुकवाकर जब्त करा दिया। रांची से पांकी लौटने के दौरान विधायक ने यह कार्रवाई की और मौके पर ही थाना प्रभारी को बुलाकर वाहन पुलिस के हवाले कर दिया।
​कागजात मांगने पर चालक नहीं दे सका स्पष्ट जवाब
​जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता रांची से पांकी लौट रहे थे। इसी दौरान पांकी-बालूमाथ मुख्य मार्ग से गुजर रहे एक हाईवा गाड़ी संख्या OD 09 V9318 की ओवरलोडिंग पर उनकी नजर पड़ी। विधायक ने अपनी गाड़ी रुकवाकर हाईवा को रोका और चालक से वाहन के कागजात तथा लोडिंग से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की। चालक द्वारा कोई स्पष्ट जवाब और संतोषजनक कागजात न दिखाए जाने पर विधायक ने तुरंत संज्ञान लिया।
​थाना प्रभारी को सौंप कर उच्च अधिकारियों से की शिकायत
​मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद हाईवा को जब्त कर थाने भेज दिया गया। इसके साथ ही विधायक ने पलामू उपायुक्त (डीसी) और संबंधित विभाग के सचिव को फोन कर घटना की पूरी जानकारी दी और ओवरलोडिंग के इस अवैध खेल पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता ने कहा कि ओवरलोडेड वाहनों के निरंतर परिचालन के कारण क्षेत्र की सड़कें समय से पहले पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
​उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में किसी भी कीमत पर ओवरलोडिंग वाहनों का परिचालन नहीं होने देंगे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग को सख्त निर्देश दिया है कि क्षेत्र में अवैध परिवहन और क्षमता से अधिक माल ढोने वाले वाहनों पर नियमित रूप से निगरानी रखकर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।