नववर्ष पर शास्त्री चौक की कमान खुद संभाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने, यातायात व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही
महुआडांड़ नववर्ष के अवसर पर दूसरे प्रदेशों से नेतरहाट, लोध फॉल एवं सुग्गा बांध घूमने पहुंचे पर्यटकों की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित शास्त्री चौक पर यातायात व्यवस्था को सख्ती के साथ सुदृढ़ किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी मनोज कुमार ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली।
थाना प्रभारी मनोज कुमार पूरे दिन शास्त्री चौक पर डटे रहे और वाहनों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी। उन्होंने वाहन चालकों एवं पर्यटकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर सख्ती बरती तथा जाम की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।थाना प्रभारी ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है और लगातार निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित एवं सुचारु बनाए हुए है, ताकि आम जनता और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
थाना प्रभारी की सक्रियता, तत्परता और प्रभावी नेतृत्व का सीधा असर यह रहा कि शास्त्री चौक क्षेत्र में पूरे दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आए पर्यटकों ने भी पुलिस प्रशासन की इस सख्त और व्यवस्थित कार्यशैली की सराहना की।

