नौडीहा-1 पंचायत में नाली सफाई पर विवाद, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग

नौडीहा 1पंचायत में नाली सफाई को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने लगाया राशि निकासी के बावजूद कार्य नहीं होने का आरोप

गंदे पानी के जमाव से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने विकास कार्यों पर भी उठाए सवाल

पांकी पलामू
पांकी प्रखंड अंतर्गत नौडीहा-1 पंचायत में नाली सफाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली सफाई के नाम पर सरकारी राशि की निकासी कर ली गई, लेकिन धरातल पर अपेक्षित सफाई कार्य नहीं कराया गया। इसके कारण कई स्थानों पर नालियां गंदगी व कचरे से भरी हुई है गंदा पानी जमा रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के कई वार्डों में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है। नालियों में पानी की निकासी बाधित होने के कारण घरों के आसपास जलजमाव बना रहता है। इससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा सड़कें और गलियां कीचड़ एवं गंदे पानी से भर जाती हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नौडीहा-1 पंचायत में विकास कार्यों की रफ्तार काफी धीमी है। उनका कहना है कि पंचायत में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है और कई मूलभूत समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क, नाली, जल निकासी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पंचायत में हुए विकास कार्यों और खर्च की गई राशि की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नाली सफाई के लिए राशि की निकासी हुई है तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि किन स्थानों पर कार्य कराया गया। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर नियमित सफाई होती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा पंचायत में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में पंचायत समिति सदस्य सुनील चौहान ने ग्रामीणों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले वर्ष पंचायत में नालियों की सफाई कराई गई थी। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान गाद और कचरा जमा होने के कारण नालियां बार-बार भर जाती हैं, जिससे दोबारा सफाई की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार सफाई कार्य कराया जा रहा है और किसी स्थान पर सफाई कार्य में कमी रह गई है तो उसे भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा।फिलहाल ग्रामीणों के आरोप और पंचायत समिति सदस्य के बयान के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन शिकायतों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करता है या नहीं। वहीं, ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत में विकास कार्यों और साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।