महुआडांड़: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क एक साल में ही टूटी, ग्रामीणों में आक्रोश
महुआडांड़: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क एक साल में ही टूटी, ग्रामीणों में आक्रोश
महुआडांड़ प्रखंड के अक्सी पंचायत में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित बंदुआ से गोयरा तक की लगभग 4.00 किलोमीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण के महज़ एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। संवेदक द्वारा कार्य को जल्दबाज़ी में पूरा किया गया, जिसके कारण सड़क में कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं, वहीं कुछ हिस्सों में सीमेंट कंक्रीट उखड़ने लगा है। इससे न केवल आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।जानकारी के अनुसार यह सड़क पैकेज संख्या JH-14-LWE-LAT-08/2021-22 के अंतर्गत बनाई गई थी। निर्माण कार्य AK & R.K. Ventures JV द्वारा किया गया, जबकि कार्य का निष्पादन सड़क निर्माण विभाग (शा. का. मा.) कार्य प्रमंडल, लातेहार के माध्यम से हुआ। यह परियोजना ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित है।ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क की तकनीकी जांच कराकर अविलंब मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सड़क पूरी तरह जर्जर हो जाएगी, जिससे सरकारी धन की भारी बर्बादी होगी।अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जांच के उपरांत दोषी संवेदक के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।


