महिला विधायकों पर मंत्री की टिप्पणी गरिमा के खिलाफ : राजकुमार राज

महिला विधायकों पर मंत्री की टिप्पणी गरिमा के खिलाफ : राजकुमार राज

-मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर रालोजपा ने जतायी आपत्ति

-रालोजपा ने की मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की ओर से भाजपा की महिला विधायकों को लेकर दिए गए एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। रालोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने इस टिप्पणी को महिलाओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ बताया है।
​राजकुमार राज ने मंत्री इरफान अंसारी के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि परिमल नाथवानी के नामांकन के बाद महिला विधायकों के चेहरे पर खुशी थी और उनके घर मिठाई पहुंचना तय है। रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन महिला जनप्रतिनिधियों की भावनाओं को लेकर ऐसी टिप्पणी करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित महिला विधायक अपनी राजनीतिक समझ और विवेक से फैसले लेने में सक्षम हैं।

​रालोजपा ने सत्ता पक्ष के एक जिम्मेदार मंत्री से इस तरह के बयान की उम्मीद न होने की बात कही। राजकुमार राज ने मांग की है कि मंत्री इरफान अंसारी को अपने शब्द वापस लेते हुए महिला विधायकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील की है कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप के दौरान भी भाषा की मर्यादा और महिलाओं के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।