इरफान अंसारी का बयान झारखंड की अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान : शालिनी बैसखियार
*इरफान अंसारी का बयान झारखंड की अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान : शालिनी बैसखियार
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार ने कांग्रेस विधायक एवं मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी के संबंध में दिए गए विवादित एवं अमर्यादित बयान की कड़ी निंदा की है।
शालिनी बैसखियार ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की भाषा और आचरण लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। किसी भी प्रत्याशी के पक्ष या विपक्ष में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी, अपमानजनक भाषा और सामाजिक विभाजन पैदा करने वाले बयान लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा के विरुद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी विधिवत रूप से राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशी हैं तथा उनके नामांकन को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर निर्वाचन प्रक्रिया के तहत निर्णय लिया जा चुका है। निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उनका नामांकन वैध घोषित किया गया है।
शालिनी बैसखियार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी संभावित राजनीतिक पराजय से घबराकर मुद्दों की राजनीति छोड़ व्यक्तिगत हमलों पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी का बयान न केवल एक प्रत्याशी का अपमान है बल्कि उन सभी जनप्रतिनिधियों और मतदाताओं का भी अपमान है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति चाहती है, जबकि कांग्रेस और उसके नेता समाज को बांटने तथा राजनीतिक विमर्श का स्तर गिराने का काम कर रहे हैं। भाजपा इस प्रकार की निम्नस्तरीय राजनीति का पुरजोर विरोध करती है।
शालिनी बैसखियार ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि वह इरफान अंसारी के बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दे तथा राज्य की जनता से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा का पालन करना चाहिए।

