जामताड़ा में 1.51 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि हस्तांतरित, 1.07 लाख लाभुकों को मिली पेंशन

जामताड़ा में 1.51 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की राशि हस्तांतरित, 1.07 लाख लाभुकों को मिली पेंशन

जामताड़ा। जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत राज्य सरकार ने हजारों लाभुकों के बैंक खातों में सम्मान राशि एवं पेंशन की राशि हस्तांतरित की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि 1,51,961 लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपये की दर से भुगतान किया गया है। यह राशि PFMS/DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।

वहीं, सर्वजन पेंशन योजना के तहत अक्टूबर माह की पेंशन राशि कुल 1,07,116 लाभुकों के खातों में भेजी गई है। इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 80,897, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,883, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,214, एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायता पेंशन योजना के 75 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 12,047 लाभुक शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त केंद्र प्रायोजित राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत भी विभिन्न पेंशन योजनाओं की राशि हस्तांतरित की गई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30,297 लाभुकों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की कुल 4,000 रुपये प्रति लाभुक की राशि दी गई है। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 4,869 लाभुकों को अप्रैल से सितंबर तक 6,000 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 991 लाभुकों को जनवरी से जून 2026 तक 6,000 रुपये प्रति लाभुक की राशि प्रदान की गई है।

इस प्रकार केंद्र प्रायोजित तीनों पेंशन योजनाओं के कुल 36,157 लाभुकों के खातों में 21 नवंबर 2026 को राज्य स्तर से पेंशन राशि हस्तांतरित की गई।

सरकार का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।