“महेशमुंडा में भव्य कलश यात्रा के साथ शतचंडी महायज्ञ शुरू, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़”

गांडेय प्रखंड के महेशमुंडा स्थित कोयरीडीह गांव में शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीश्री 108 शतचंडी महायज्ञ की शुरूआत हुई। आदिशक्ति मां काली मंदिर परिसर में आयोजित इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी दिखाई। पीले और लाल वस्त्रों में सजकर माताओं और बहनों ने चार किलोमीटर दूर जयंती नदी घाट से जल भरकर वापस यज्ञ मंडप में लाया। यज्ञ में प्रतिदिन पूजन-अर्चन, हवन और श्री चंडीपाठ का आयोजन होगा। शाम को वृंदावन से पधारे कथावाचक मुकुल कृष्ण जी महाराज संगीतमय कथा वाचन करेंगे। यह महायज्ञ 12 अप्रैल तक चलेगा और समापन वृहद महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।