“गिरिडीह के तिसरी में ‘सफेद सोना’ लिथियम के बड़े भंडार की संभावना, GSI सर्वे में मिले संकेत”

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के असुर हड्डी और डूबा के जंगलों व पहाड़ी इलाकों में ‘सफेद सोना’ लिथियम के विशाल भंडार होने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा किए गए विस्तृत ड्रिलिंग सर्वेक्षण में सभी ड्रिलिंग पॉइंट्स को चिन्हित कर सील कर दिया गया है। करीब एक साल से चल रहे सर्वे में जंगलों और पहाड़ियों की गहन जांच हुई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में लिथियम के मजबूत संकेत मिले हैं, जबकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय लोग उत्साहित हैं क्योंकि लिथियम इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने इन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।