बाबा श्याम की भक्ति में झूमा गिरिडीह, 141 जोड़ी निशानों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

बाबा श्याम की भक्ति में झूमा गिरिडीह, 141 जोड़ी निशानों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

गिरिडीह। श्री श्याम सेवा मंडल (रजि.), गिरिडीह द्वारा आयोजित श्री श्याम प्रभु खाटू वाले के 47वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। गाजे-बाजे, भजनों एवं बाबा श्री श्याम के जयकारों के बीच भव्य निशान एवं पालकी शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा श्री श्याम मंडल से प्रारंभ होकर रामबाग स्थित श्री महावीर कुटिया मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। सुसज्जित रथ पर विराजमान बाबा श्री श्याम एवं पालकी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर भ्रमण में शामिल हुए। श्रद्धालु भजनों पर झूमते-गाते और बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक 141 जोड़ी निशान बाबा श्री श्याम एवं बालाजी महाराज को अर्पित किए गए। निशान लेकर चल रहे श्रद्धालुओं की कतार और सुसज्जित रथ शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर संजय कुमार भुदौलिया, किशन अग्रवाल, बाँके बिहारी शर्मा, मनोज खंडेलवाल, कुणाल कुमार मोदी, संजय शर्मा (CA), प्रभात खेतान, नारायण सौंधालिया, रोहित जालान, डब्बू अग्रवाल, राकेश मोदी, बंटी खंडेलवाल, मुकेश जालान, सतीश केडिया सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।

महोत्सव के तहत मंगलवार की रात्रि से अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अमित नामा (जयपुर), आकाश परिचय (गिरिडीह), अभिषेक सिंघल (कोलकाता) एवं संजीव शर्मा (सोनभद्र) सहित भजन गायक बाबा श्री श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। शिवम म्यूजिकल ग्रुप, कोलकाता एवं रॉकी म्यूजिकल ग्रुप, देवघर द्वारा संगीत संयोजन किया जाएगा।

महोत्सव में बाबा का भव्य श्रृंगार, भव्य दरबार एवं अखंड ज्योत श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही सवामणी एवं छप्पन भोग का आयोजन भी किया जा रहा है।

महोत्सव के अवसर पर बुधवार, 23 सितंबर को दोपहर 1 बजे के बाद भव्य भंडारा एवं अमृतरूपी प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। श्री श्याम सेवा मंडल ने सभी श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर बाबा श्री श्याम के दर्शन, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद का लाभ लेने की अपील की है।