गिरिडीह में सर जेसी बोस की 89वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, विश्वविद्यालय स्थापना की पहल को बताया सच्ची श्रद्धांजलि

गिरिडीह। सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी के तत्वावधान में महान वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गिरिडीह के जेसी बोस चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर मुख्य अतिथि झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह एवं सोसायटी के सदस्यों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद विज्ञान भवन परिसर में स्थापित आचार्य बसु की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘जेसी बोस अमर रहें’ के नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजय सिंह ने कहा कि महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु के जीवन का अंतिम समय गिरिडीह में बीता था। यह जिले के लिए गौरव की बात है कि उनके नाम पर यहां कई संस्थाएं संचालित हैं। गिरिडीह में सर जेसी बोस स्कूल के साथ-साथ उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की पहल भी हुई है।
उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के प्रयासों से सर जेसी बोस विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर राज्य सरकार से मंजूरी मिली है। इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और मैनेजमेंट की पढ़ाई की व्यवस्था प्रस्तावित है। यह महान वैज्ञानिक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संजय सिंह ने आगे कहा कि हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय ने आचार्य जगदीश चंद्र बसु की बंद तिजोरी खोलने का आदेश दिया है। अब उसमें क्या सामने आता है, इसे लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की ओर से महान वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा स्मारक के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य कर रहे सोसायटी के सदस्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, सचिव रितेश सराक, संयुक्त सचिव रामजी यादव, वरिष्ठ सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा, शंकर पांडेय, टुन्ना सिंह, अनन्या निशु, दशरथ प्रसाद, योगेश्वर कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने महान वैज्ञानिक के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और वैज्ञानिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।