संत मरियम स्कूल के तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक, राज्य स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयनित

पलामू – प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में संत मरियम स्कूल के तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक, उपायुक्त ने तीर चलाकर बढ़ाया उत्साह

तीनों खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

पलामू। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित प्रमंडल स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 में संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया।

23 एवं 24 नवंबर 2026 को शाहपुर स्थित सहोदय उच्च विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न ग्रामीण एवं स्वदेशी खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में संत मरियम स्कूल के प्रीतम राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि विशाल कुमार एवं इलबेली सिंह ने रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के दौरान पलामू के उपायुक्त ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से स्वयं भी तीरंदाजी में हाथ आजमाया और तीर चलाकर पारंपरिक खेलों के प्रति अपनी रुचि एवं प्रोत्साहन प्रदर्शित किया। उपायुक्त ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी करने तथा राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पलामू जिले के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

इस प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले तीनों खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय एवं जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में खेल भावना, प्रतिभा और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।