वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, 25 सितंबर को देशभर में सामूहिक गायन की तैयारी तेज
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 25 सितंबर को सामूहिक गायन की तैयारी तेज
25 सितंबर को प्रातः 11 बजे देशभर में एक साथ गूंजेगा राष्ट्रगीत
गुमला के 43 विद्यालयों और सामाजिक संगठनों को जोड़ने में जुटा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गुमला
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित ‘नमामि भारतम्’ योजना के अंतर्गत आगामी 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे देशव्यापी सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य पूरे भारतवर्ष में एक साथ, एक ही समय पर एक करोड़ लोगों को राष्ट्रगीत गायन से जोड़ना है। इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से गुमला में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गुमला ने नगर के 43 विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ने की पहल की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में सभी आचार्य और दीदी जी निरंतर विभिन्न संस्थानों से संपर्क कर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।
आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार तिवारी ने कहा वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे जब देशभर में करोड़ों कंठ एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे, तब यह दृश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय का प्रयास है कि यह कार्यक्रम केवल किसी एक संस्था तक सीमित न रहे, बल्कि नगर के अधिक से अधिक विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से इसे एक सच्चे जन-अभियान का रूप मिले। इसी कड़ी में विद्यालय प्रबंधन ने संपूर्ण नगरवासियों से भी आह्वान किया है कि वे 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे अपने-अपने स्थान प्रतिष्ठान या घर पर खड़े होकर एक साथ राष्ट्रगीत का गायन करें और इस राष्ट्रव्यापी अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


