महालया शोभायात्रा का भव्य स्वागत, खुला मंच करेगा पुष्पवर्षा; श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था
महालया शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत करेगा खुला मंच
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व सॉफ्ट ड्रिंक की व्यवस्था, दुर्गा पूजा महासमिति अध्यक्ष दुर्गा जौहरी होंगे सम्मानित
महालया के अवसर पर श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति, पलामू द्वारा निकाली जा रही भव्य शोभायात्रा का खुला मंच व्हाट्सऐप ग्रुप द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
मंच के एडमिन रजनीश सिंह, अध्यक्ष नवदीप सिंह ऋषि, कोषाध्यक्ष राहुल मिश्रा, सह कोषाध्यक्ष रितेश कुमार टिंकू तथा वरिष्ठ सदस्यों अमर सहाय, अरविंद अग्रवाल, विनीत सिंह, अमित सिन्हा, नीरज राज एवं बबलू चावला द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए मंच के प्रवक्ता नवीन तिवारी ने बताया कि शोभायात्रा के स्वागत की पूरी जिम्मेदारी हिमांशु शेखर एवं नीरज राज को सौंपी गई है।
श्री तिवारी ने बताया कि शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं सॉफ्ट ड्रिंक की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन का स्वागत नहीं, बल्कि मां दुर्गा के आगमन की खुशी में समाज की सामूहिक आस्था और सहभागिता का उत्सव है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति, पलामू के अध्यक्ष दुर्गा जौहरी को सम्मानित भी किया जाएगा।
खुला मंच ने शहरवासियों से अपील की है कि महालया के इस पावन अवसर पर शोभायात्रा का स्वागत पूरे उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन के साथ करें तथा अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।

