मेदिनीनगर में झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का शुभारंभ, अविनाश देव ने किया उद्घाटन

उड़ान झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का उद्घाटन अविनाश देव ने किया

मेदिनीनगर। उड़ान झारखंड के तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर को संत मरियम स्कूल कजरी खेल के मैदान में झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग का शुभारंभ हुआ। एक नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव एवं विद्यालय के पीटी शिक्षक सुमित वर्मन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में बिमला पांडे मेमोरियल स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की टीम आमने-सामने थीं, जिसमें सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल ने जीत दर्ज की। वहीं, दूसरे मुकाबले में ऑक्सफोर्ड और बैटलाइन संस्कृत की टीमों के बीच मैच हुआ। इसमें बैटलाइन संस्कृति की टीम विजेता रही।

लीग के आयोजन में उड़ान झारखंड के सदस्य अभिषेक यादव, रुपेश यादव, विवेक यादव, विष्णु पंडित, सचिन यादव और आयुष तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एक नवंबर तक चलने वाली लीग में विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देना और उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।