मॉडर्न पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

मॉडर्न पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
झुमरी तिलैया: मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में ’12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस “योग से स्वस्थ जीवन – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम पर आधारित रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभागार में दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रबंधन समिति ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। समारोह में योग गुरु आकाश और ईशा गुप्ता ने सभी बच्चों और शिक्षकों को योगाभ्यास कराया। ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ के अनुसार ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शशांकासन, मकरासन सहित विभिन्न प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षिका ईशा गुप्ता ने सभी आसनों को करने की सही विधि बताई और उनसे होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जी. सी. वर्मा ने ‘योग अपनाओ, जीवन सफल बनाओ’ का संदेश देते हुए कहा:
“योग केवल आसन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। योग शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक शांति और एकाग्रता प्रदान करता है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से आज पूरे विश्व ने योग की शक्ति को लोहा माना है। मेरा सभी बच्चों से आग्रह है कि वे रोज सुबह कम से कम 20 मिनट योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। हमारे विद्यालय में भी इसीलिए नियमित रूप से ‘योग कक्षाएं’ संचालित की जाती हैं ताकि बच्चे संस्कार और स्वास्थ्य दोनों के साथ आगे बढ़ें।”

विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग हमें अनुशासन और एकाग्रता सिखाता है। एक स्वस्थ बच्चा ही देश का स्वर्णिम भविष्य बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे घर पर बच्चों के साथ योग करें और इसे एक अच्छी आदत के रूप में विकसित करें।

कार्यक्रम के अंत में सभागार में मौजूद सभी लोगों ने “स्वयं के लिए योग, समाज के लिए योग” का सामूहिक संकल्प लिया। समारोह का समापन ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के पवित्र मंत्रोच्चार तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक और शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।