झंडा मैदान में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, नशामुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली गई
झंडा मैदान में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, नशामुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली गई
गिरिडीह में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पतंजलि परिवार के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय झंडा मैदान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के कई गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया और योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय झंडा मैदान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृति कुमारी,महापौर प्रमिला मेहरा, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, डॉ. गुलवंत सिंह मोंगिया सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। अतिथियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान को लेकर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
वही इस बाबत उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि वो”योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और बेहतर जीवन का आधार है। सभी लोगों को प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेना चाहिए।”
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

