लोहरदगा महिला थाना में नई कमान, बिनीता हेंब्रम ने 20वीं थाना प्रभारी के रूप में संभाला पदभार

निवर्तमान थाना प्रभारी जेनी सुधा तिग्गा ने सौंपा चार्ज

महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और न्याय दिलाना प्राथमिकता होंगी : बिनीता हेंब्रम( नवनियुक्त महिला थानेदार )

लोहरदगा : लोहरदगा जिले के महिला थाना में शुक्रवार को कार्यभार हस्तांतरण का औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नवपदस्थापित थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम ने महिला थाना की 20वीं थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान थाना प्रभारी जेनी सुधा तिग्गा ने उन्हें विधिवत चार्ज सौंपा और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण के बाद नवपदस्थापित थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम का स्वागत बुके भेंट कर किया गया। मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों और महिला थाना के स्टाफ ने नए थाना प्रभारी के साथ सामूहिक रूप से काम करने की प्रतिबद्धता जताई। थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न और साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके। वहीं निवर्तमान थाना प्रभारी जेनी सुधा तिग्गा ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने और थाना में संवेदनशील माहौल बनाए रखने की दिशा में काम किया। उन्होंने नवपदस्थापित थाना प्रभारी को सहयोग का भरोसा भी दिया।