रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सुविधा शुरू, अब मरीजों को जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
रंका (गढ़वा): रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दशहरा के पावन अवसर पर एक महत्वपूर्ण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने फीता काटकर एक्स-रे केंद्र का उद्घाटन किया। यह रंका वासियों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि अब उन्हें एक्स-रे जांच के लिए सदर अस्पताल या दूर के निजी केंद्रों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा अब रंका अस्पताल में ही आसानी से उपलब्ध है।
इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. असजद अंसारी ने कहा, “मेरा लक्ष्य यही है कि रंका अनुमंडल का कोई भी व्यक्ति, चाहे वह माता, बहन, भाई हो, जांच के लिए अनावश्यक यात्रा न करे। इसी उद्देश्य से हमने रंका अस्पताल में एक्स-रे मशीन की स्थापना की है। हमारा अगला प्रयास जल्द ही अल्ट्रासाउंड और ब्लड बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को किसी भी चिकित्सा सेवा के लिए बाहर न जाना पड़े।”
उद्घाटन समारोह में डॉ. सोनल सागर, डॉ. सोनम प्रिया, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. हर्षिता सिंह, प्रधान सहायक ललन और सभी स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने इस गरिमामयी समारोह की शोभा बढ़ाई।

