कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी की सक्रियता से गढ़वा में स्वच्छता, जनसंवाद और सामाजिक सरोकारों को नई गति
गढ़वा:–स्वच्छ भारत मिशन, विकास गढ़वा के अंतर्गत आज कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, जनसमस्या समाधान, सामाजिक जागरूकता और स्थानीय स्तर पर विकास को प्राथमिकता दी गई।
आज सोसाइटी की टीम ने वार्ड संख्या 4, शिव ढ़ोढा में व्यापक साफ़–सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान क्षेत्र में फैली गंदगी को हटाकर स्वच्छ एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण बनाने की दिशा में ठोस पहल की गई। इसी क्रम में वार्ड संख्या 4, न्यू सोनपुरवा लाइन के दूसरी ओर भी साफ़–सफाई अभियान चलाया गया, जहाँ सड़क किनारे एवं आसपास फैले कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया।
इसके अतिरिक्त, वार्ड संख्या 6 स्थित सोनपुरवा बस स्टैंड में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी के सचिव विकाश कुमार माली स्वयं मौके पर पहुँचे, सफ़ाई कार्यों का निरीक्षण किया, आवश्यक निर्देश दिए तथा स्थानीय लोगों से संवाद कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
आज टंडवा क्षेत्र में भी सोसाइटी के प्रतिनिधियों द्वारा कुछ स्थानीय लोगों से मुलाक़ात की गई, जहाँ स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर चर्चा हुई और जरूरतमंदों के इलाज से संबंधित विषयों पर जानकारी ली गई, ताकि आगे आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 19, पासवान टोली में कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी के पदाधिकारियों द्वारा एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान महिलाओं को रोज़गार एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, नाली सफ़ाई एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायज़ा लिया गया और इन समस्याओं के समाधान हेतु आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर विकाश कुमार माली ने कहा कि “स्वच्छता, रोज़गार, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएँ, ये सभी जनजीवन से सीधे जुड़े विषय हैं। कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी का प्रयास है कि हर वार्ड, हर मोहल्ले तक पहुँचकर लोगों की समस्याओं को समझा जाए और उनका समाधान किया जाए।”
स्थानीय लोगों ने सोसाइटी की सक्रियता और ज़मीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
उल्लेखनीय है कि कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी द्वारा गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, जनसंवाद, महिला सशक्तिकरण, जगमग गढ़वा प्लान के तहत स्ट्रीट लाइट स्थापना, सामूहिक कन्या विवाह एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

