केतार: सरकारी गोदाम के बाहर कीचड़ में बर्बाद हो रहा अनाज, जिम्मेदार बेखबर

गोदाम के बाहर कीचड़ में बर्बाद हो रहा अनाज, जिम्मेदार बेखबर
केतार। प्रखंड मुख्यालय स्थित सरकारी अनाज गोदाम के मुख्य गेट के सामने जलजमाव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। यहां ट्रैक्टरों से खाद्यान्न की ढुलाई के दौरान चावल और गेहूं के बोरे से अनाज गिरकर कीचड़ में मिल रहा है। इसके बावजूद इस ओर विभागीय अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
गोदाम के बाहर कीचड़ में बिखरे चावल को देखकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जतायी। ग्रामीणों का कहना है कि जितना चावल यहां बर्बाद हो रहा है, उतने से किसी गरीब परिवार का एक समय का भोजन आसानी से तैयार हो सकता है। सरकारी खाद्यान्न की इस तरह बर्बादी को रोकने के लिए विभाग को ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार, यदि गोदाम के सामने पक्का फर्श का निर्माण करा दिया जाता और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होती, तो कीचड़ की समस्या दूर होने के साथ-साथ खाद्यान्न को भी बर्बाद होने से बचाया जा सकता था। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। ट्रैक्टरों के आवागमन से कीचड़ फैलने के कारण गोदाम के आसपास गंदगी भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से गोदाम के सामने पक्का फर्श बनवाने, जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा कीचड़ में गिर रहे सरकारी अनाज को बचाने की मांग की है।