केनरा बैंक गिरिडीह शाखा ने स्वतंत्रता दिवस पर मनाया उत्सव, छात्राओं को मिली छात्रवृत्ति
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केनरा बैंक गिरिडीह शाखा में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत केनरा क्रेस्ट के एचएनआई ग्राहक एवं प्रख्यात व्यवसायी मेहताब अंसारी द्वारा की गई। शाखा प्रबंधक प्रेम प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में ध्वजारोहण का कार्य आशीष कुमार और शगुफ्ता अंजुम ने संपन्न किया, जिसमें पूजा, अयाज़, विवेक, अजीत, सौरव, पवन और समृद्धि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के पश्चात सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का उत्सव बैंक की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत आयोजित एक विशेष पहल के साथ और भी खास बन गया। Canara Vidyajyoti Scholarship Scheme के तहत जिले की छह एससी/एसटी छात्राओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, जिसमें कक्षा 5 से 7 की छात्राओं को ₹3,000 तथा कक्षा 8 से 10 की छात्राओं को ₹5,000 की छात्रवृत्ति दी गई। इस प्रयास का उद्देश्य शिक्षा को प्रोत्साहन देना और युवा पीढ़ी में बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर मेहताब अंसारी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश दिए और बैंक की इस पहल की सराहना की। वहीं उप शाखा प्रबंधक आशीष कुमार ने कहा कि केनरा बैंक केवल वित्तीय सेवाओं में ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी रहा है, और शिक्षा व युवा सशक्तिकरण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
कार्यक्रम ने जहां स्वतंत्रता दिवस का उत्सव यादगार बना दिया, वहीं समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी एक सकारात्मक संदेश दिया।

