जन शिकायत दिवस में उमड़ी भीड़, 50 से अधिक मामलों पर उपायुक्त के सख्त निर्देश
जन शिकायत निवारण दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 50 से अधिक मामलों की सुनवाई; उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
गुमला – उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए 50 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने एक-एक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन शिकायत निवारण दिवस में भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्रमाण-पत्र निर्गत करने सहित जनहित से जुड़े अनेक मामलों पर सुनवाई की गई।
बैठक के दौरान गुमला के युवा कलाकारों के एक समूह ने जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से बनाई जा रही लघु फिल्म के लिए प्रशासनिक अनुमति एवं सहयोग का अनुरोध किया।
वहीं, कामडारा प्रखंड की सरिता पंचायत के ग्रामीणों ने टिटिही हरहारा नाला पर स्थायी पुल निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि श्रमदान से बनाया गया अस्थायी पुल वर्ष 2025 की भारी बारिश में बह गया था, जिससे कई गांवों का संपर्क पंचायत सचिवालय, रेलवे स्टेशन, बाजार और विद्यालयों से कट गया है। उन्होंने बरसात के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग की।
घाघरा प्रखंड के सेरेंगदाग निवासी एक आवेदक ने हिंडालको कंपनी के स्थानीय प्रबंधन पर भूमि अधिग्रहण के दौरान दबाव बनाने, खनन के बाद भूमि को खेती योग्य नहीं छोड़ने तथा कार्यस्थल पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की। साथ ही अपने रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
इसी प्रकार पम्पापुर इंटर महाविद्यालय, पालकोट के विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने वित्तीय वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 के लंबित शैक्षणिक अनुदान के भुगतान की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
पालकोट के झिखीरमा निवासी प्रेमचंद उरांव ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्जा एवं जान से मारने की धमकी की शिकायत की, जबकि धनगांव निवासी सोमरा उरांव ने अपनी खतियानी भूमि पर जबरन ट्रैक्टर चलाकर कब्जे की कोशिश किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप और सुरक्षा की मांग की।
सुनवाई के बाद उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और पात्र लाभुकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी मंच है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




