झारखंड आंदोलनकारी संपर्क समिति ने उठाई भाषा, संस्कृति और खतियान आधारित नीतियों की मांग
रांची : झारखंड आंदोलनकारी संपर्क समिति के बैनर तले आज झारखंड आंदोलनकारी साथी एकजुट हुए और झारखंड राज्य गठन के मूल उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पुनः संगठित होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) बृहत झारखंड के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व समिति के मुख्य संयोजक ललित कुमार महतो ने कहा कि झारखंडियों की पहचान उनकी भाषा, संस्कृति और खतियान से है। उन्होंने स्थानीय और नियोजन नीति को खतियान के आधार पर लागू करने, पेसा कानून और वन अधिकार अधिनियम 2006 को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग की।
ललित कुमार महतो ने कहा कि इन नीतियों के लागू होने से ग्राम सभाओं का अधिपत्य मजबूत होगा और झारखंडवासियों का कल्याण संभव होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसी भी राजस्व मौजा में निजी संपत्ति, जमीन, वन भूमि या गर्मजूर्वा भूमि, जहां आदिवासी और मूलवासी वर्षों से निवास करते हैं, खेती करते हैं या खनिज संपदा पर आश्रित हैं, का अधिग्रहण नहीं कर सकती। पेसा कानून के तहत पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में रहने वाले सभी आदिवासी और मूलवासियों को समान अधिकार प्राप्त हैं, जिसमें किसी भी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने मांग की कि प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक छह जनजातीय भाषाओं—कुड़उक, कुरमाली, हो, मुंडारी, संथाली, खड़िया—तथा तीन क्षेत्रीय भाषाओं—पंचपरगणियां, नागपुरिया और खोरठा—में पढ़ाई होनी चाहिए। साथ ही, नियोजन नीति में इन भाषाओं को प्राथमिकता देकर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि भाषा और संस्कृति की रक्षा के साथ-साथ रोजगार सृजन भी हो।
आंदोलनकारी साथियों ने एक स्वर में घोषणा की कि गैर-राजनीतिक स्वतंत्र छात्र संगठन “ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन” (आजसू) का पुनर्गठन किया जाएगा। इस पुनर्गठन के तहत छात्रों और नवयुवकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जो झारखंड राज्य गठन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
इस संवाददाता सम्मेलन में ललित कुमार महतो के साथ हीरा नाथ साहू, रामजी भगत, ऐनुल अंसारी, रंजीत उरांव, सागर महतो, छब्बू लाल महतो सहित दर्जनों झारखंड आंदोलनकारी साथी मौजूद थे। यह सम्मेलन झारखंड के मूल निवासियों के हक और अधिकारों के लिए एक नई शुरुआत का संकेत देता है।

