हरमू रोड पर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 12 दुकानों को नोटिस

हरमू रोड पर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 12 दुकानों को नोटिस

राॅंची। राजधानी के हरमू रोड में मंगलवार को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क, नाली, सेटबैक और गिफ्ट डीड की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान निगम की इंफोर्समेंट टीम ने 12 दुकानों और संस्थानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया।

कार्रवाई के दौरान हरमू रोड स्थित पेंटागोन भवन की गिफ्ट डीड भूमि पर संचालित एक टी-स्टॉल को हटाने के लिए भी नोटिस दिया गया। इसके अलावा करीब 20 दुकानों के सामने सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। नालियों के ऊपर बनाई गई टाइल्स, सीढ़ियां और अन्य अवैध निर्माण को हटाकर रास्ता साफ कराया गया।

नगर निगम ने अभियान के दौरान नाली के ऊपर अवैध निर्माण करने वाले एक दुकानदार पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।