भीलमा में विकास की नई मिसाल: प्रमुख पिंकू पांडेय व मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने दिलाई पीसीसी सड़क की सौगात

कांडी (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र की बलियारी पंचायत अंतर्गत भीलमा गांव में ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देते हुए नारायण मझिल डिहवार स्थान से पंडी नदी एवं अमडीहा-चंद्रपुरा तीमुहान तक लगभग 200 फीट लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। पंचायत समिति मद से 15वें वित्त आयोग के तहत लगभग 2 लाख 49 हजार रुपये की लागत से बनी इस सड़क का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय एवं पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने नारियल फोड़कर तथा प्रसाद वितरण के साथ किया।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से इस मार्ग की स्थिति जर्जर थी। बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पीसीसी सड़क बनने से अब ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन के अवसर पर प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांव-गांव तक विकास पहुंचाना है। सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य केवल योजनाओं का शिलान्यास करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन को आसान बनाना है।
वहीं मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि पंचायत में विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और जनसहभागिता के साथ कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रमुख और मुखिया मिलकर पूरे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। पंचायत का कोई भी टोला, गली, नाली या सड़क विकास से वंचित नहीं रहने दी जाएगी। जहां भी लोगों को आवागमन या बुनियादी सुविधाओं में परेशानी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं स्वीकृत कर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी इसी तरह विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
सड़क निर्माण से उत्साहित ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क गांव के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पंचायत में अन्य विकास योजनाओं का भी लाभ मिलेगा।