हरिद्वार अर्धकुंभ की तैयारियां तेज, मकर संक्रांति से चैत्र पूर्णिमा तक होंगे 11 अमृत स्नान
उत्तराखंड में अगले साल आयोजित होने वाले हरिद्वार अर्धकुंभ मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला प्रशासन के अनुसार, 14 जनवरी को मकर संक्रांति से लेकर 20 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा तक कुल 11 अमृत स्नान आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की उम्मीद है।
अर्धकुंभ के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से देवी-देवताओं की पालकियों यानी देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके तहत 14 मार्च को ऋषिकेश में शोभायात्रा होगी, जबकि 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों को गंगा स्नान कराया जाएगा।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करेगा।
वहीं, मेलाधिकारी सोनिका ने पंतद्वीप का निरीक्षण कर अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, पैदल मार्ग और घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के निर्देश दिए।

