गिरिडीह उपचुनाव को लेकर झामुमो ने कसी कमर, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज

गिरिडीह। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती के साथ जुट गया है। मिशन-2027 के तहत पार्टी जिला कमिटी की ओर से लगातार अलग-अलग बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में कमेटियों को मतदान केंद्रों यानी बूथों तक संगठन को मजबूत करने का टास्क दिया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव में मोर्चा का प्रदर्शन बेहतर हो सके।
गिरिडीह विधानसभा में उपचुनाव आगामी फरवरी माह में निर्धारित है। इस मायने में यह चुनाव झामुमो के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका नतीजा आगामी चुनावी राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। चुनावी रणनीति के तहत सरकार उन योजनाओं पर फोकस कर रही है, जो मोर्चे के आधार वोट को आकर्षित करती हैं।
शुक्रवार को पार्टी प्रवक्ता सह केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय और जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अगुवाई में मेराथन बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से फरवरी में होने वाले उपचुनाव की तैयारी में समय रहते जुट जाने का आह्वान किया गया।
परिषदन भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़े हैं और आने वाले चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार इस सीट पर जीत सुनिश्चित करेगा। मौके पर पूर्व विधायक केदार हाजरा, महानगर अध्यक्ष रॉकी सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।