JTET-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1 नवंबर को दो पालियों में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा
गिरिडीह। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों, केंद्राध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा 1 नवंबर 2026 (रविवार) को निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 से दोपहर 12:00 बजे तक, जबकि प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 से 4:30 बजे तक होगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में हो। स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता से करें। उन्होंने स्पष्ट कहा — “परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।”
परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप जांच की जाएगी और प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने पर रोक लगाई जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर केंद्र के नियमों के अनुसार रोक रहेगी।
विधि-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सतर्कता बरतने, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा संचालन पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी सहित केंद्राध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

