गुमला में अंधविश्वास की बलि, जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या
गुमला। झारखंड के गुमला जिले में अंधविश्वास के चलते 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। सिसई थाना क्षेत्र के पोढ़ा नागफेनी गांव में शनिवार रात 75 वर्षीय सीताराम खड़िया की कथित तौर पर जादू-टोना करने के शक में कुदाल से हमला कर ह/त्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी एतवा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सीताराम खड़िया शनिवार रात भोजन से पहले हाथ धोने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उन पर कुदाल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सीताराम को परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र कुशल खड़िया ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उनके पिता पर डायन-बिसाही (जादू-टोना) करने का आरोप लगाता था। उसका मानना था कि उसके परिवार के सदस्यों की बीमारी के पीछे सीताराम जिम्मेदार हैं। इसी अंधविश्वास के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सिसई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, श/व को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर ह/त्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के गंभीर दुष्परिणाम को उजागर करती है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और अंधविश्वास से दूर रहने तथा किसी भी विवाद की सूचना कानून व्यवस्था के माध्यम से देने की अपील की है।

