गांडेय के कस्तूरबा विद्यालय में किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और बाल अधिकारों की जानकारी
गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला समाज कल्याण विभाग ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांडेय में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरियों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्राओं को माहवारी स्वच्छता तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता संबंधी सावधानियों तथा स्वास्थ्य संरक्षण के उपायों को सरल भाषा में समझाया। छात्राओं को नैतिक व शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ सही देखभाल और सुरक्षा के नियमों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
साथ ही किशोरियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल व्यापार (मानव तस्करी), बाल शोषण तथा बाल अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण में जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने अधिकारों का उपयोग करने का अधिकार है। किसी भी प्रकार के बाल अधिकार उल्लंघन या बच्चों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तुरंत सूचित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें आत्मविश्वासी, जागरूक व सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुप्रथाओं व बाल शोषण के विरुद्ध निर्भीक आवाज उठाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई से कौशल व योगेंद्र, जिला समाज कल्याण विभाग से बिक्कु कुमार तथा वन स्टॉप सेंटर से मीरा कुमारी भी मौजूद रहीं।

