“गर्भवती महिला के लिए गोकुल अग्रवाल ने किया रक्तदान, मानवता की मिसाल बने”
रक्तदान कर गर्भवती महिला को दिया जीवनदान: मारवाड़ी युवा मंच के सह सचिव गोकुल अग्रवाल बने मानवता की मिसाल
गुमला। मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी युवा मंच, गुमला के सह सचिव गोकुल अग्रवाल ने ऐ पॉजिटिव (A+) रक्तदान कर एक गर्भवती महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समय पर उपलब्ध कराए गए रक्त से महिला का सफल उपचार संभव हो सका, जिसकी सराहना अस्पताल कर्मियों एवं सामाजिक संगठनों ने की।
रक्तदान के बाद गोकुल अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि रक्तदाता को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। साथ ही समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने सभी सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से वर्ष में कम-से-कम एक बार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से रक्त की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की समय पर मदद संभव हो सकती है।
इस अवसर पर ब्लड बैंक की लैब टेक्नीशियन अंजू किंडो, रक्तदान प्रभारी रोहित खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गोकुल अग्रवाल के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

