गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलता, सरकारी कार्यालय चोरी कांड का खुलासा
गिरिडीह। जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इकाई लिपिक राजेश पासवान के कार्यालय से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी मामले का नगर थाना पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए दो बैटरी, एक एलईडी टीवी और एक इनवर्टर बरामद किया है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 158/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यू चूड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी उर्फ बल्लू तथा सिमरियाधोड़ा निवासी मो. वारिस को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस बरामद सामान की जांच और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। छापेमारी दल में नगर थाना के सह थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

