एक रुपये में फसल बीमा, गिरिडीह से जागरूकता रथ रवाना

गिरिडीह। खरीफ मौसम-2026 में अधिक से अधिक किसानों को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी ओझा ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम से किसानों की सुरक्षा के लिए फसल बीमा योजना बेहद महत्वपूर्ण है तथा जागरूकता रथ गांव-गांव जाकर किसानों को योजना की जानकारी देगा।

योजना के तहत ऋणी और गैर-ऋणी दोनों किसान मात्र एक रुपये के सांकेतिक प्रीमियम पर अधिसूचित खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं। गिरिडीह जिले में खरीफ-2026 के लिए अगहनी धान और भदई मक्का को अधिसूचित फसल घोषित किया गया है। योजना में बुआई विफलता, प्राकृतिक आपदा, उपज में कमी और कटाई के बाद होने वाली क्षति को भी शामिल किया गया है। किसान बैंक, सीएससी, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, पीएमएफबीवाई पोर्टल अथवा बीमा कंपनी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।