गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर युवक से मारपीट का आरोप, आईसीयू में भर्ती; निष्पक्ष जांच की मांग

गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर 25 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में घायल युवक लखन साव को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आईसीयू में शिफ्ट किया है। लखन मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पीड़ित लखन साव का आरोप है कि वह ऑर्बिट होटल के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान नगर थाना के पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि पुलिस उसकी बाइक भी थाना ले गई।
बाइक छुड़वाने जब लखन नगर थाना पहुंचा, तो थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की। युवक का दावा है कि कथित मारपीट के बाद वह थाना परिसर में ही गिर गया। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची।
घटना के बाद लखन की बहन और मां ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने भी मामले की जांच कर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो थाना परिसर के बाहर से बनाया गया है और इसमें युवक के साथ कथित मारपीट दिखाई दे रही है।
इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा। पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।