गिरिडीह में ज्वेलर्स की सुरक्षा के लिए पुलिस की बड़ी पहल, दुकानों में लगाए हेल्पलाइन पोस्टर
गिरिडीह। अपराध नियंत्रण और आभूषण व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गिरिडीह पुलिस और गिरिडीह सर्राफा संघ ने आज एक ऐतिहासिक साझेदारी की शुरुआत की। शहर के विभिन्न आभूषण प्रतिष्ठानों में पुलिस प्रशासन व साइबर पुलिस के त्वरित संपर्क नंबरों वाले पोस्टर चिपकाए गए ताकि आपात स्थिति में व्यापारी तुरंत मदद के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकें।
सर्राफा संघ के अध्यक्ष राहुल वर्मन के नेतृत्व में यह अभियान डीएसपी हेडक्वार्टर-1 नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम महतो की उपस्थिति में चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा नियमों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन किया तथा भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात सूचना पर पुलिस त्वरित और हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
राहुल वर्मन ने बताया कि आज पोस्टर अभियान की शुरुआत की गई है और शीघ्र ही जिले की सभी आभूषण प्रतिष्ठानों में ये पोस्टर लगा दिए जाएंगे ताकि समय रहते किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना पुलिस तक पहुँचाई जा सके। अभियान के दौरान संघ के सचिव राजन बरनवाल, उपाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ, रंजीत स्वर्णकार, कोषाध्यक्ष सचिन बर्मन, संरक्षक गोपाल स्वर्णकार और सुवोध बर्मन भी उपस्थित रहे।
व्यापारी समुदाय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनकी सुरक्षा में बढ़ोतरी होगी और अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे किसी भी असामान्य गतिविधि या खतरे की सूचना तुरंत दिए गए नंबरों पर साझा करें ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

