गिरिडीह में जीडी बगेड़िया पैरामेडिकल कॉलेज का दीक्षारंभ समारोह, नए छात्रों को सेवा भावना का संदेश

गिरिडीह। चैताडीह स्थित जी.डी. बगेड़िया पैरामेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए नामांकित नए छात्र-छात्राओं के स्वागत में बुधवार को एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम सह दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में DMLT, DOTA और X-RAY पाठ्यक्रमों में शामिल हुए विद्यार्थियों को संस्थान की परंपरा और शैक्षणिक मानकों से अवगत कराया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विकास कुमार माथुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. माथुर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है।
उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ करियर की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. माथुर ने जोर देकर कहा कि पैरामेडिकल क्षेत्र में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण भी अत्यंत आवश्यक है।
कॉलेज के निदेशक अजय बगेड़िया की ओर से मुख्य प्रबंधक पीयूष सजल ने सभी नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की गौरवशाली परंपरा से अवगत कराते हुए बताया कि कॉलेज आधुनिक लैब, अनुभवी शिक्षकों और बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय प्रैक्टिकल ट्रेनिंग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज के नियम-कायदे, पाठ्यक्रम, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। नए विद्यार्थियों को पैरामेडिकल शिक्षा के दौरान प्रयोगात्मक ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के अलावा अनंत कुमार राय (अधिवक्ता), अनिल कुमार कुशवाहा, आलोक कुमार मिश्रा, मिल रतन खेतान, अनिल मिश्रा, धवन कुमार यादव, विका मिश्री, नेहा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, ईशा केडिया समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन स्वेता केडिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लवली मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।