गिरिडीह की बेटी अफसाना परवीन का कमाल, दो प्रतिष्ठित अवॉर्ड से हुई सम्मानित

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत घुटिया गांव की प्रतिभाशाली छात्रा अफसाना परवीन ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

उन्हें Jharkhand Rai University द्वारा प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड’ एवं ‘बेस्ट लाइब्रेरी यूजर (S.R. Ranganathan) अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।

अफसाना परवीन, मोहम्मद मुर्तजा की पुत्री हैं और वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी इस सफलता से घुटिया गांव, बेंगाबाद प्रखंड तथा पूरे गिरिडीह जिले में हर्ष का माहौल है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने अफसाना की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह सफलता विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो उच्च शिक्षा में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं।

अफसाना ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।

यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।