मंईयां सम्मान योजना: 56 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ, अब होगा वेरिफिकेशन—21वीं किस्त जल्द

झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का फायदा अभी राज्य की लगभग 56 लाख महिलाओं को मिल रहा है। इस योजना के तहत योग्य महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2500 रुपये सीधे DBT के जरिए भेजे जाते हैं।
अब सरकार लाभुकों की दोबारा जांच (वेरिफिकेशन) कराने की तैयारी कर रही है। नए वित्तीय वर्ष में जिन महिलाओं की उम्र 50 साल से ज्यादा हो चुकी है, उन्हें योजना से बाहर किया जाएगा। साथ ही जो महिलाएं नियमों के अनुरूप पात्र नहीं हैं लेकिन फिर भी लाभ ले रही हैं, उनके नाम भी सूची से हटाए जाएंगे।
इधर पात्र महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। सरकार जल्द ही योजना की 21वीं किस्त जारी करने वाली है। संभावना है कि इस महीने की 10 तारीख के आसपास पैसे खातों में ट्रांसफर होने शुरू हो जाएंगे।
इस योजना का लाभ 18 से 50 वर्ष तक की महिलाओं को दिया जाता है, और इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है।