गायत्री शक्तिपीठ में विचार गोष्ठी, 22 सितंबर के खाटू श्याम संकीर्तन महोत्सव में जुटने की अपील

गायत्री शक्तिपीठ में विचार गोष्ठी, मंदिर विकास व आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

22 सितंबर को होने वाले श्री खाटू श्याम संकीर्तन महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुर स्थित पेट्रोल पंप के निकट गायत्री शक्तिपीठ में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आगामी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ-साथ गायत्री शक्तिपीठ के विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता गायत्री परिवार के प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के स्मरण के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित गायत्री परिवार के सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और शक्तिपीठ के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।

बैठक में प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार चौबे ने कहा कि आगामी 22 सितंबर को राजकीय उच्च विद्यालय, श्री बंशीधर नगर में आयोजित होने वाले श्री खाटू श्याम संकीर्तन महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर गायत्री परिवार के सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि श्री खाटू श्याम जी से संबंधित कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री शक्तिपीठ से किया जाएगा। इस अवसर पर शक्तिपीठ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं की शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर तक पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि कल दिन सोमवार को शाम 4 बजे से सुहागिनों का महापर्व हरतालिका तीज व्रत का पूजन किया जाएगा।

गोष्ठी में धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी लोगों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने की अपील की गई। साथ ही गायत्री शक्तिपीठ में नियमित रूप से आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर अनिल लाल अग्रवाल, जोखू प्रसाद, राम प्रसाद कमलापुरी, अशोक प्रसाद गुप्ता, परिव्राजक ललसू राम, अखौरी ज्योतिम प्रसाद, डॉ. सतीश कुमार, युवा समन्वयक शुभम जायसवाल, प्रदीप शर्मा, अमर जायसवाल, राजेश जायसवाल, शुभम कुमार, अनीता देवी, इंद्रावती देवी, सृष्टि कुमारी सहित अन्य गायत्री परिवार के सदस्य मौजूद थे।

अंत में गायत्री मंत्र एवं शांति पाठ के साथ विचार गोष्ठी का समापन किया गया।

रिपोर्टर अर्चना कुमारी।