फोर्थ ग्रेड भर्ती में लिखित परीक्षा की मांग, छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर

मेदिनीनगर (पलामू), 4 अगस्त।
पलामू फोर्थ ग्रेड भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करने की मांग को लेकर छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने सोमवार से पलामू समाहरणालय परिसर के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित होनी चाहिए। इसके लिए लिखित परीक्षा आयोजित करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक लिखित परीक्षा कराने संबंधी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगा।

इस आंदोलन को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का समर्थन मिल रहा है। धरना स्थल पर अनूप कुमार पासवान, दिनेश शर्मा, सत्येन्द्र कुमार मेहता, सुजीत कुमार, संदीप कुमार पासवान, आलोक शुक्ला, काजू शुक्ला और मुस्लिम अंसारी सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे। सभी ने आंदोलन को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

धरना पर बैठे अभ्यर्थियों ने झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन से युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। उनका कहना है कि लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन प्रक्रिया अपनाने से भर्ती में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी तथा योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांग पूरी तरह लोकतांत्रिक और संविधान सम्मत है तथा जब तक सरकार की ओर से इस संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

You may have missed