बाल कृष्णाचार्य के जन्मदिवस पर पौधे व जड़ी-बूटियां बांटीं, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बाल कृष्णाचार्य के जन्मदिवस पर पौधे व जड़ी-बूटियां बांटीं, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पलामू। सतबरवा प्रखंड के लोहार पोखरी और काली मंदिर परिसर में बाल कृष्णाचार्य के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न प्रकार के पौधों एवं औषधीय जड़ी-बूटियों का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम पतंजलि के प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र साहू के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें प्रखंड कोषाध्यक्ष श्याम प्रसाद, पलामू सांसद प्रतिनिधि मनीष प्रसाद, सुबोध कुमार, सतनारायण मेहता सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को पौधे और औषधीय जड़ी-बूटियां वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के बीच पौधरोपण और पेड़ों की देखभाल बेहद जरूरी है। पेड़-पौधे वातावरण को हरा-भरा रखने के साथ वायु प्रदूषण कम करने और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रखंड कोषाध्यक्ष श्याम प्रसाद ने औषधीय जड़ी-बूटियों के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों से प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। आयोजकों ने पलामू को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।