एचडीएफसी बैंक के CSR सहयोग से पथलगड्डा में मॉडल स्मार्ट स्कूल का उद्घाटन, शिक्षा, कृषि एवं ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा

एचडीएफसी बैंक के CSR सहयोग से पथलगड्डा में मॉडल स्मार्ट स्कूल का उद्घाटन, शिक्षा, कृषि एवं ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा

चतरा, 29 जून 2026। चतरा जिले के पथलगड्डा प्रखंड अंतर्गत प्लस टू जनता उच्च विद्यालय, पथलगड्डा में एचडीएफसी बैंक के CSR सहयोग तथा सपोर्ट संस्था के तकनीकी सहयोग से HRDP–HDFC बैंक परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत विकसित मॉडल स्मार्ट स्कूल का आज भव्य एवं गरिमामय समारोह में उद्घाटन किया गया। परियोजना के तहत विद्यालय भवन का नवीनीकरण, स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना, पुस्तकालय का सुदृढ़ीकरण, शौचालयों की मरम्मत तथा स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है।

स्मार्ट क्लासरूम का विधिवत उद्घाटन ग्राम पंचायत सिंहनी की मुखिया श्रीमती राधिका देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बिनय कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा एचडीएफसी बैंक की CSR प्रोजेक्ट मैनेजर संजना घोष, सपोर्ट संस्था के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर अभिषेक शंकर एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया तथा विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री उदय कुमार सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया तथा विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एचडीएफसी बैंक एवं सपोर्ट संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विद्यालय के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक की CSR प्रोजेक्ट मैनेजर संजना घोष ने कहा कि HRDP समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत परिवर्तन परियोजना का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचना का विकास करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य, कृषि एवं आजीविका को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय एवं अन्य सुविधाओं का समुचित उपयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।

मुखिया श्रीमती राधिका देवी ने एचडीएफसी बैंक एवं सपोर्ट संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परिवर्तन परियोजना के माध्यम से पंचायत क्षेत्र में शिक्षा, कृषि, पोषण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

विद्यालय कार्यक्रम के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने CSR सहयोग से नवीनीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण किया। केंद्र की सेविका एवं उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने परियोजना के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि भवन के नवीनीकरण से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है तथा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आया है।

इसके बाद बरवाडी स्थित किसान समूह द्वारा संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर (CHC) का निरीक्षण किया गया। समूह की महिलाओं ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण कम किराये पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम हुई है तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने में सहायता मिल रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के अंतर्गत स्थापित वेदर स्टेशन, कृषक पाठशाला का भी भ्रमण किया। किसानों ने बताया कि मौसम, मिट्टी एवं कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ समय पर उपलब्ध होने से खेती की बेहतर योजना बनाने तथा उत्पादन बढ़ाने में काफी सुविधा मिल रही है।

इसके पश्चात बेहरा गांव में परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण किया गया। स्थानीय आदिवासी मुंडा समुदाय की महिलाओं ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया तथा बताया कि तालाब निर्माण से सिंचाई, मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक की CSR प्रोजेक्ट मैनेजर संजना घोष, सपोर्ट संस्था के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर अभिषेक शंकर, परियोजना प्रबंधक कौशिक कुमार, अक्षयानंद पाठक, अनी कुमारी, आकांक्षा कुमारी, प्रवेश ठाकुर, बिनय कुंवर, संजय कुमार, उमेश प्रसाद, कांति देवी, मधो देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि एचडीएफसी बैंक की CSR पहल एवं सपोर्ट संस्था के समर्पित प्रयासों से शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण, कृषि नवाचार तथा ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा रही है। परिवर्तन परियोजना के माध्यम से चतरा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।