दुर्गा पूजा पर सुरक्षा अलर्ट- गिरिडीह में प्रशासन ने उतारी 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम, डीसी-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दुर्गा पूजा पर सुरक्षा अलर्ट- गिरिडीह में प्रशासन ने उतारी 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम, डीसी-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गिरिडीह जिले में दुर्गा पूजा और आगामी पर्व–त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर दिया है। बुधवार को जिला मुख्यालय से 30 बाइक रैपिड रिस्पांस सशक्त सुरक्षा बल को एसपी डॉ. विमल कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये बाइक जिले के चार प्रमंडलों में तैनात की जाएंगी, जिनकी खासियत यह है कि ये सीधे कंट्रोल रूम (CCR) से जुड़ी होंगी। बाइक पर तैनात सुरक्षाकर्मी पूरी तरह से लैस रहेंगे और हुड़दंगियों से निपटने में सक्षम होंगे। किसी भी क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा होने पर तुरंत अतिरिक्त बल को मौके पर भेजा जाएगा।
वहीं शहर में पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सहज बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 4 अतिरिक्त बाइक ट्रैफिक नियंत्रण के लिए दी हैं।
एसपी और उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा में आमजन बेफिक्र होकर त्योहार मना सकें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था चौक-चौबंद कर दी गई है।

